हायर सेकेंडरी स्कूल फुलीडूमर में नशा मुक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन

वाड्रफनगर/फुलीडूमर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुलीडूमर में शासन-प्रशासन के निर्देशानुसार नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा विद्यालय की हेल्थ केयर शाखा के विशेष प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रैली के माध्यम से दिया गया सामाजिक संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जन-जागरूकता रैली से हुई। रैली ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए नशा मुक्ति से जुड़े नारों एवं तख्तियों के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया कि नशा युवाओं, परिवार और समाज के भविष्य के लिए अत्यंत घातक है।

दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों का प्रेरक उद्बोधन
रैली के उपरांत विद्यालय प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पूर्व सरपंच महावीर सिंह, वरिष्ठ नागरिक रामजीत सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती प्रभा सिंह श्याम, बसंतपुर थाना से प्रधान आरक्षक विनोद सागर एवं प्राचार्य देवेंद्र कुमार उपाध्याय द्वारा माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्प व धूप अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विशेषज्ञों ने बताए नशे के दुष्परिणाम
डॉ. अरविंद कुमार शर्मा (स्वास्थ्य विभाग) ने अपने उद्बोधन में बताया कि नशा न केवल व्यक्ति की आर्थिक स्थिति को कमजोर करता है, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण भी बनता है।
प्रधान आरक्षक श्री विनोद सागर (पुलिस विभाग) ने नशे के कारण बढ़ते सामाजिक अपराध, दुर्घटनाओं एवं जन-धन की हानि की ओर छात्रों का ध्यान आकर्षित करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए गए। साथ ही विद्यालय स्तर पर निबंध, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों एवं पुलिस प्रशासन ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षकगण — श्री रामकुमार भगत, श्रीमती ममता पैंकरा, सुश्री आशा धुर्वे, श्रीमती रश्मि पांडेय, विक्रांत कुमार, परिमाल भोई, अभिषेक साहू, श्रीमती सुषमा यादव, श्रीमती सुनीता प्रजापति एवं धनंजय सोनकातर का सराहनीय योगदान रहा।
नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने एवं इस संदेश को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।