नगर पंचायत वाड्रफनगर के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित,
दो भाजपा पार्षद पर गिर सकती है अभी गाज

बलरामपुर- जिले के नगर पंचायत वाड्रफनगर में हाल ही में शपथ ग्रहण समारोह के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी की हार के बाद बड़ा राजनीतिक फैसला लिया गया है। भाजपा ने अपने ही निर्वाचित उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
गौरतलब है कि उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के दो प्रत्याशी मैदान में थे—पंकज गुप्ता और रामकुमार कुशवाहा। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का नाम वापस लेते हुए पंकज गुप्ता को समर्थन दे दिया। मतदान में पंकज गुप्ता को 9 और रामकुमार कुशवाहा को 6 मत मिले, जिससे पंकज गुप्ता 3 मतों से विजयी रहे।
भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी रामकुमार कुशवाहा की हार के बाद पार्टी संगठन नाराज हो गया और इसे अनुशासनहीनता मानते हुए पंकज गुप्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा ने यह कार्रवाई संगठन विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए की है। भाजपा संगठन से प्राप्त खबर के अनुसार दो और बागी पार्षदों की समीक्षा किया जा रहा है .. जल्द दो और पार्षदों पर भी संगठनात्मक कार्यवाही हो सकता है
यह मामला नगर पंचायत की राजनीति में हलचल मचा चुका है और इसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।