राजेश ज्वेलर्स में हुए डकैती कांड का खुलासा करने में शामिल पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक अनुरोध पत्र सौंप – रमन अग्रवाल
पुलिस कर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने का निवेदन किया है।

विकाश दुबे रामानुजगंज = नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगर के गांधी चौक के समीप राजेश ज्वेलर्स में हुए करोड़ो रुपए के डकैती कांड का खुलासा करने में शामिल जाबांज पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम विचार नेताम को अनुरोध पत्र सौंपते हुए जांबाज पुलिस कर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने का निवेदन किया है।
सौंपे गए अनुरोध पत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने उल्लेख किया है कि 11 सितंबर 24 को दोपहर करीब 1:15 बजे रामानुजगंज के मुख्य बाजार में गांधी चौक के समीप जिले की सबसे बड़ी ज्वेलरी शॉप राजेश ज्वेलर्स में बिना नकाब के घातक हथियारो से लैस होकर अज्ञात बदमाशों के द्वारा दुकान के संचालक राजेश सोनी पर जानलेवा हमला करते हुए 4 से 5 करोड़ की ज्वेलरी एवं नगद रकम डकैती कर फरार हो गए थे इस घटना से रामानुजगंज ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य झारखंड के व्यापारी और जनमानस सहम गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के तात्कालिन पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल एवं वर्तमान पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल के नेतृत्व में पुलिस विभाग की पूरी टीम ने तत्परता पुर्वक कार्यवाही करते हुए डकैती की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर ली। आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ करने पर झारखंड राज्य के कई गंभीर मामलों के कुख्यात पचास पचास हजार रुपए के नगद इनामी बुकी गैंग के आरोपियों के द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना पता चलने पर जिले के जांबाज पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की कई टीमों का गठन कर धर पकड़ हेतु झारखंड, बिहार, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा मोहाली भेजे गए थे। टीम के जांबाज कर्मठ अधिकारी कर्मचारियों ने अथक परिश्रम करके अदम्य साहस का परिचय देते हुए कुख्यात लुटेरों को अलग अलग राज्यों से 22 दिवस के अंदर गिरफ्तार कर डकैती में लूटे गए सोने चांदी के आभूषणों और नगद रकम को बरामद करने का सराहनीय कार्य करके छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने का कार्य किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि ऐसे जांबाज पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के हौसला अफजाई के लिए उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर सम्मानित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह और क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम विचार नेताम से घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिए जाने का निवेदन करते हुए अनुरोध पत्र सौंपा है।