महेवा–धनजरा सड़क निर्माण शुरू, आवागमन सुगम होने से गांवों को मिलेगी विकास की सौगात

लोक निर्माण विभाग (भा./स.) संभाग रामानुजगंज अंतर्गत महेवा से धनजरा तक 4.425 किलोमीटर लंबे नवीन मार्ग के निर्माण कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत महेवा, मंडल वाड्रफनगर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस नवीन सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण अंचलों के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाए, जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि :
“महेवा से धनजरा तक बनने वाला यह नवीन मार्ग क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क ही सशक्त ग्राम विकास की पहचान है और इससे व्यापार, शिक्षा व रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”
कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण से गांवों की तस्वीर बदलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।