महुआ पेड़ के नीचे चल रहा था जुए का फड़, कोतवाली पुलिस की दबिश में 10 जुआरी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले के ग्राम पचावल में महुआ पेड़ के नीचे खुलेआम संचालित हो रहे जुए के फड़ पर कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस को 16 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पचावल में देवास कोड़ाकू के घर के सामने स्थित महुआ पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्तों की ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और गवाहों को साथ लेकर मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि चटाई बिछाकर कई लोग ताश के पत्तों के सहारे जुआ खेल रहे थे तथा रुपए-पैसों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रेमचंद गुप्ता, बसंत सिंह, बलदेव राम, रमेश सिंह, कृष्णा, रणबीर, जागृत, सोचनराम, श्रवण और दीपक राम को हिरासत में लिया। तलाशी एवं मौके की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ से कुल 20 हजार 50 रुपए नगद, 52 पत्तों की ताश तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त चटाई जब्त की। जब्ती की पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध क्रमांक 80/2026 पंजीबद्ध किया गया है। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। इसके अतिरिक्त आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।