अपराध दुर्घटनाछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

गढ़वा से अंबिकापुर ले जाए जा रहे थे नशीले इंजेक्शन, बलरामपुर पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क

IMG-20260518-WA0536-169x300 गढ़वा से अंबिकापुर ले जाए जा रहे थे नशीले इंजेक्शन, बलरामपुर पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क
बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 की रात करीब 1 बजे थाना बलरामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में गढ़वा से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं और कुछ ही देर में बलरामपुर पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग पर एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान रामानुजगंज की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस और गवाहों द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों युवक मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार में भगाकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। काफी देर तक पीछा करने के बाद एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा युवक मोटरसाइकिल और संदिग्ध सामग्री के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पकड़े गए युवक की पहचान राहुल गुप्ता पिता अवध बिहारी गुप्ता उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नर्मदापुर थाना कमलेश्वरपुर जिला सरगुजा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर सूचना से अवगत कराते हुए विधिवत तलाशी कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 481 नग Buprenorphine इंजेक्शन तथा 504 नग Pheniramine Maleate इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी इंजेक्शनों को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बरामद इंजेक्शन अवैध रूप से नशे के कारोबार में उपयोग किए जाते हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन की बरामदगी से पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। मामले में थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी राहुल गुप्ता को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल फरार आरोपी सहित अन्य संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नशीले इंजेक्शन कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
बलरामपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!