परिवहन विभाग का सघन जांच अभियान : नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई, 12,600 रुपये का जुर्माना वसूला

वाड्रफनगर/बलरामपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा वाड्रफनगर क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक एवं निजी वाहनों की जांच की गई, जिसमें दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 12,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह कार्रवाई बलरामपुर कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी के निर्देश तथा जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का संचालन परिवहन उप निरीक्षक फिरोज कुरैशी एवं विभागीय अमले द्वारा किया गया। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी), ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया गया।

परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कई ऐसे वाहन पाए गए जिनके दस्तावेज अधूरे थे अथवा मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा था। अधिकारियों ने ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
इन वाहनों पर हुई चालानी कार्रवाई
जांच के दौरान निम्नलिखित वाहनों पर कार्रवाई की गई –
CG10AU2907 – बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र संबंधी कमी पाए जाने पर ₹2,800 का जुर्माना।
CG15DB4039 – फिटनेस, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कमी पर ₹2,800 की कार्रवाई।
UP62BT4583 – फिटनेस, बीमा एवं लाइसेंस नहीं होने पर ₹3,000 का जुर्माना।
JH03AA0564 – मोटरयान अधिनियम की धारा 146/196 के उल्लंघन पर ₹1,500 की कार्रवाई।
CG15DM6081 – धारा 146/196 एवं 56/192 के उल्लंघन पर ₹2,500 का जुर्माना।
इस प्रकार कुल पांच वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने 12,600 रुपये का राजस्व वसूल किया।
वाहन चालकों को दी गई समझाइश
अभियान के दौरान केवल कार्रवाई ही नहीं की गई, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने ऑटो चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी।
जांच के दौरान UP64BT4834, CG15AC7394, CG15DK0128, CG15DM1902, MP66ZC3933, CG075814 एवं CG07CU4209 वाहनों के दस्तावेजों में कुछ कमियां पाए जाने पर वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराने और नियमों का पालन करने की समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा मोटरयान अधिनियम के नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
परिवहन विभाग का मानना है कि नियमित जांच और जनजागरूकता के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।