मिर्च के पौधे तोड़ने के विवाद में तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भागवतपुर में मिर्च के पौधे तोड़े जाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी तिलदेव अगरिया (35 वर्ष) ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मई 2026 की रात उसके बड़े भाई नंदलाल अगरिया के मिर्च के कुछ पौधे अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़ दिए गए थे। इसी बात को लेकर नंदलाल अगरिया ने अपने छोटे भाई तिलदेव पर संदेह जताया।
आरोप है कि रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच नंदलाल अगरिया, उसकी पत्नी सविता अगरिया, पुत्र कार्तिक अगरिया तथा अन्य लोग तिलदेव के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। इसी दौरान कार्तिक अगरिया ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे तिलदेव घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान तिलदेव की पत्नी निर्मला अगरिया भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में तीन स्थानों पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ बेहोश अवस्था में मिली। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से शंकरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। जांच, गवाहों के बयान, चिकित्सीय रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने 11 जून 2026 को आरोपी नंदलाल अगरिया (45 वर्ष), सविता अगरिया (35 वर्ष) और कार्तिक अगरिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।