बलरामपुर में तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 मोटरसाइकिल जब्त

बलरामपुर। जिले में तेंदूपत्ता के अवैध संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। वन परिक्षेत्र धमनी और रघुनाथनगर में लगाए गए अस्थाई बैरियरों पर सघन जांच के दौरान कुल 19 मोटरसाइकिलें तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन में संलिप्त पाई गईं।

वन विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रात्रि गश्त और जांच अभियान चलाया गया। जांच में वन परिक्षेत्र धमनी से 11 तथा रघुनाथनगर से 8 मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं। अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोग दूसरे राज्यों से तेंदूपत्ता लाकर छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से बेचने की तैयारी में थे, जो छत्तीसगढ़ तेंदूपत्ता (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1964 का उल्लंघन है।

कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए तेंदूपत्ता और वाहनों का विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार कर उन्हें वन विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है।
यह पूरी कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेई के निर्देशन, उप वनमण्डलाधिकारी प्रेमचंद मिश्रा के मार्गदर्शन तथा संबंधित वन परिक्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में की गई।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेंदूपत्ता का संग्रहण और परिवहन केवल निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि अवैध वन उपज परिवहन की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।