बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 12 घंटे के भीतर 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, वर्षों से फरार आरोपी भी चढ़े पुलिस के हत्थे

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधियों में भय का वातावरण स्थापित करने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा एक बड़ा और व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में एक साथ कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर कुल 22 वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार किए गए वारंटियों में कई ऐसे आरोपी भी शामिल हैं जो वर्षों से फरार चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के कुशल मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संचालित की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी वारंटियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों की अधिक से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए थे।

इसी क्रम में आज दिनांक 01 जून 2026 को भोर में सुबह लगभग 03 बजे से जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। प्रत्येक थाना एवं चौकी स्तर पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस टीमों ने लगातार कई घंटों तक अभियान चलाकर फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

अभियान के दौरान थाना रामानुजगंज एवं थाना कुसमी से सर्वाधिक 04-04 वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा थाना रघुनाथनगर से 03 वारंटी, थाना बसंतपुर से 02 वारंटी, चौकी वाड्रफनगर से 02 वारंटी, थाना कोतवाली बलरामपुर से 01 वारंटी, थाना चलगली से 01 वारंटी, चौकी रनहत से 01 वारंटी, थाना चांदो से 01 वारंटी, चौकी विजयनगर से 01 वारंटी, थाना सनावल से 01 वारंटी तथा चौकी बरियों से 01 वारंटी को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और कई बार नोटिस एवं वारंट जारी होने के बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। ऐसे आरोपियों की लगातार निगरानी कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस द्वारा रणनीतिक ढंग से की गई कार्रवाई एवं गुप्त सूचना तंत्र के माध्यम से इन फरार वारंटियों तक पहुंच बनाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की सीमाएं झारखंड, उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश जैसे राज्यों से जुड़ी हुई हैं। सीमावर्ती जिला होने के कारण यहां असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में लगातार एरिया डॉमिनेशन, गश्त, सर्चिंग एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों, माफी बदमाशों तथा नशेड़ियों की भी सघन जांच की। इसके साथ ही बैंक एटीएम, सर्राफा दुकान, लॉज, होटल एवं ढाबों की चेकिंग कर संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों द्वारा निगरानी एवं गुंडा बदमाशों के निवास स्थानों पर जाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी भी ली गई तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी गई।
सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं वाहन जांच की जा रही है। आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, गुंडागर्दी, नशाखोरी अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बलरामपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की इस सक्रियता से जहां अपराधियों में भय का माहौल बना है वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।