खाद-बीज वितरण पर प्रशासन की सख्त निगरानी, कि

बलरामपुर खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा उर्वरक और बीज विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली जैसी शिकायतों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर नीर निधि नंदेहा के मार्गदर्शन में क्षेत्र के कृषि सेवा केंद्रों में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों की निगरानी में किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर खाद और अन्य कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत गैना स्थित प्रिंस कृषि सेवा केंद्र, चलगली स्थित श्याम ट्रेडिंग तथा किसान सेवा केंद्र की सघन जांच की गई। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, विक्रय दर एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर किसानों से भी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरकों का वितरण किया जाए।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलता है या खाद-बीज वितरण में अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण एवं निगरानी अभियान के दौरान आरएईओ नितेश तिवारी, कौशल सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।