कलेक्टर के निर्देश पर फौती नामांतरण प्रकरण में त्वरित कार्रवाई
आवेदन मिलते ही राजस्व अमले ने किया परीक्षण, शेष प्रक्रिया जारी
बलरामपुर, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। चंदन संजय त्रिपाठी के समक्ष प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम जगिमा निवासी मुकेश कुमार ने अपने पिता के फौती नामांतरण से संबंधित आवेदन 9 जून 2026 को कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि आवेदक के पिता के निधन के बाद खसरा क्रमांक 60 की भूमि का फौती नामांतरण 19 मई 2026 को ही पूर्ण किया जा चुका है।
परीक्षण में यह भी सामने आया कि खसरा क्रमांक 61 संयुक्त खाते में दर्ज है, जिसके संबंध में आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए थे। इसी कारण उक्त भूमि का फौती नामांतरण लंबित था।
मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने आवेदक से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का आग्रह किया। इसके बाद मुकेश कुमार 10 जून को स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज जमा किए, जिसके आधार पर नियमानुसार शेष कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देशन में सभी जन शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।